Aurat Ki Ghulami | Sheoraj Singh 'Bechain'
Manage episode 423817867 series 3463571
औरत की गुलामी | डॉ श्योराज सिंह ‘बेचैन’
किसी आँख में लहू है-
किसी आँख में पानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
पैदा हुई थी जिस दिन-
घर शोक में डूबा था।
बेटे की तरह उसका-
उत्सव नहीं मना था।
बंदिश भरा है बचपन-
बोझिल-सी जवानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
तालीम में कमतर है--
बाहरी हवा ज़हर है।
लड़का कहीं भी जाए-
उस पर कड़ी नज़र है।
उसे जान गँवा कर भी-
हर रस्म निभानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
कभी अग्नि परीक्षा में-
औरत ही तो बैठी थी।
होती थी जब सती तो-
औरत ही तो होती थी।
उसी जुल्म की बकाया--
पर्दा भी निशानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
कानून समाजों के-
एकतरफा नसीहत है।
जिसे दिल से नहीं चाहा-
वही प्यार मुसीबत है।
दौलत-पसन्द दुनिया-
मतलब की दीवानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
अब वक़्त है वो अपने-
आयाम ख़ुद बनाये।
तालीम हो या सर्विस-
अपने हकूक पाये।
मिलजुल के विषमता-
की दीवार गिरानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
ससुराल सताये फिर-
मुमकिन ही नहीं होगा।
स्टोव जलाये फिर-
मुमकिन ही नहीं होगा।
दिन-चैन के आएँगे-
यह रात तो जानी है।
औरत की गुलामी भी-
एक लम्बी कहानी है।
546 bölüm